समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं होने पर लोकतांत्रिक विरोध की चेतावनी, रोगी हित में कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए
जोधपुर, 27 अप्रैल
राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन (आरएनए) जोधपुर शहर इकाई ने मथुरादास माथुर (एमडीएम) चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग को लेकर अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। संगठन ने अस्पताल में नर्सिंग अधिकारियों और मरीजों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं।

आम बैठक में बनी रणनीति
एसोसिएशन के अध्यक्ष जगदीश जाट ने बताया कि संगठन की आम बैठक में अस्पताल के विभिन्न वार्डों एवं विभागों में कार्यरत नर्सिंग अधिकारियों से प्राप्त सुझावों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में रोगी हित, नर्सिंग सेवाओं की गुणवत्ता और अस्पताल प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किए गए।
ज्ञापन में उठाई गई प्रमुख मांगें
ज्ञापन में प्रत्येक वार्ड में हर शिफ्ट में पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारी, हेल्पर, स्वीपर और सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने की मांग की गई। साथ ही उनकी उपस्थिति वार्ड प्रभारी से सत्यापित कराने, सभी वार्डों में कंप्यूटर, प्रिंटर और निर्बाध सर्वर सुविधा उपलब्ध कराने तथा रोगी भार और बेड क्षमता के अनुसार नर्सिंग स्टाफ का वैज्ञानिक पुनर्विन्यास करने की मांग भी रखी गई।
इसके अलावा बेड उपलब्धता के आधार पर पारदर्शी भर्ती व्यवस्था लागू करने की भी मांग की गई है।
यह खबर भी पढ़ें –धर्मांतरण सिंडिकेट पर शिकंजा: हाईकोर्ट से जमानत खारिज https://jodhpurtodaynews.com/oqbn
सेवा सुविधाओं और सुरक्षा पर भी जोर
एसोसिएशन ने इवनिंग और नाइट सुपरवाइजर के लिए आपातकालीन संपर्क व्यवस्था, ब्लड ट्रांसपोर्ट सिस्टम, जवाबदेह केयरटेकर व्यवस्था, एमएसीपी, सर्विस बुक एवं अन्य सेवा संबंधी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही सुरक्षित पार्किंग, आधुनिक क्रेच की स्थापना, उत्कृष्ट सेवा सम्मान में पारदर्शिता, वार्डों में अनधिकृत वीडियो रिकॉर्डिंग पर रोक, नाइट ड्यूटी में पारदर्शी रोटेशन प्रणाली और महिला कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
रोगी हित को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन ने कहा कि ज्ञापन का उद्देश्य केवल कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं, बल्कि मरीजों को बेहतर, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा अस्पताल की कार्यप्रणाली को अधिक जवाबदेह और प्रभावी बनाना है।
यह खबर भी पढ़ें –महिला, दो युवक और तीन युवतियां घर से लापता, एक नाबालिग के अपहरण का मामला दर्ज https://jodhpurtodaynews.com/6bij
समाधान नहीं हुआ तो होगा लोकतांत्रिक विरोध
संगठन ने अधीक्षक से सभी मांगों पर सकारात्मक एवं समयबद्ध कार्रवाई करने का आग्रह किया है। एसोसिएशन ने विश्वास जताया कि अस्पताल प्रशासन और नर्सिंग वर्ग के समन्वय से एमडीएम अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करेगा।



