जोधपुर, 25 जुलाई। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) जोधपुर का 5वां दीक्षांत समारोह 26 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। समारोह में विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों के 1189 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी, जबकि 25 मेधावी विद्यार्थियों को संस्थान पदकों से सम्मानित किया जाएगा।

अनुप्रिया पटेल होंगी मुख्य अतिथि
समारोह की मुख्य अतिथि भारत सरकार की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल होंगी। एम्स जोधपुर के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) तेजस मधुसूदन पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। एम्स जोधपुर के कार्यकारी निदेशक डॉ. गोवर्धन दत्त पुरी अतिथियों का स्वागत करेंगे और संस्थान की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
पारंपरिक कार्यक्रमों के साथ होगा शुभारंभ
दीक्षांत समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि के आगमन के साथ होगी। इसके बाद पारंपरिक दीक्षांत शोभायात्रा, राष्ट्रीय गीत, मां सरस्वती की वंदना, दीप प्रज्ज्वलन, अतिथियों का सम्मान और समारोह का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा।
25 पदक और 1189 विद्यार्थियों को उपाधियां
समारोह के दौरान 25 संस्थान पदक प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा डीएम, एमसीएच, एमडी, एमएस, एमडीएस, पीएचडी, मेडटेक, एमएससी (मेडिकल), एमएससी (नर्सिंग), मास्टर ऑफ पब्लिक हेल्थ (एमपीएच), बीएससी (ऑनर्स) नर्सिंग तथा एमबीबीएस सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के 1189 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी।
यह खबर भी पढ़ें – नगर निगम जोधपुर में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, रणवीर सिंह देथा को अतिरिक्त जिम्मेदारीhttps://jodhpurtodaynews.com/o51e
दीक्षांत संकल्प और मुख्य अतिथि का संबोधन रहेगा आकर्षण
कार्यक्रम में उपाधि रजिस्टर पर हस्ताक्षर, बीएससी (ऑनर्स) नर्सिंग एवं एमबीबीएस स्नातकों का दीक्षांत संकल्प (एक्सहॉर्टेशन) तथा मुख्य अतिथि का दीक्षांत संबोधन प्रमुख आकर्षण होंगे।
डॉ. गोवर्धन दत्त पुरी बोले— गौरव का अवसर
एम्स जोधपुर के कार्यकारी निदेशक डॉ. गोवर्धन दत्त पुरी ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और पूरे एम्स परिवार के लिए गर्व का अवसर है। उन्होंने कहा कि यह समारोह शैक्षणिक उत्कृष्टता, व्यावसायिक प्रतिबद्धता और राष्ट्र के लिए दक्ष स्वास्थ्य पेशेवर तैयार करने की संस्थान की निरंतर प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
यह खबर भी पढ़ें -अवैध रूप से भारत में घुसी बांग्लादेशी महिला अजमेर में डिटेनhttps://jodhpurtodaynews.com/0if3
चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में मजबूत पहचान
एम्स जोधपुर ने पिछले एक दशक में चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और रोगी सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। वर्ष 2012 में स्थापना के बाद से संस्थान आज प्रतिवर्ष 14 लाख से अधिक ओपीडी मरीजों को सेवाएं, 1.37 लाख से अधिक भर्ती मरीजों का उपचार तथा 1.43 लाख से अधिक शल्य चिकित्सा प्रक्रियाएं संपन्न कर रहा है।
संस्थान अंग प्रत्यारोपण, रोबोटिक सर्जरी, न्यूरोसाइंस, हृदय रोग, कैंसर चिकित्सा और न्यूनतम चीरा आधारित उपचार जैसी अत्याधुनिक चिकित्सा सेवाओं में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। एमबीबीएस से लेकर पीएचडी और सुपर स्पेशियलिटी तक के व्यापक शैक्षणिक कार्यक्रमों के साथ एम्स जोधपुर पश्चिमी राजस्थान का प्रमुख तृतीयक चिकित्सा एवं शैक्षणिक संस्थान बन चुका है।
धन्यवाद ज्ञापन के साथ होगा समापन
समारोह का समापन डीन (अकादमिक) प्रो. (डॉ.) पंकजा रवि राघव के धन्यवाद ज्ञापन, दीक्षांत समारोह के औपचारिक समापन, राष्ट्रगान तथा दीक्षांत शोभायात्रा के प्रस्थान के साथ होगा।
एम्स जोधपुर ने सभी स्नातक विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दीक्षांत समारोह चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और उत्कृष्ट रोगी सेवा के प्रति संस्थान की सतत प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
