जोधपुर, 25 जुलाई। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से एक महिला, दो युवक और तीन युवतियों के बिना बताए घर से लापता होने के मामले सामने आए हैं। वहीं, एक नाबालिग लड़की के लापता होने पर उसके पिता की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तीन साल के बेटे और गहनों के साथ घर से गई महिला
राजीव गांधी नगर थाना क्षेत्र के मोकलावास निवासी एक युवक ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 23 जुलाई की सुबह उसकी पत्नी बिना बताए घर से चली गई। महिला अपने तीन वर्षीय बेटे को भी साथ ले गई। परिजनों के अनुसार वह घर से निकलते समय कीमती सामान और गहने भी अपने साथ ले गई।
दो युवक भी बिना बताए हुए लापता
करवड़ थाना क्षेत्र के केलावा गांव निवासी छगनी देवी ने रिपोर्ट में बताया कि उनका पुत्र किलाराम भील 17 अप्रैल को बिना बताए घर से चला गया। करीब साढ़े तीन माह तक तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला।
इसी तरह माता का थान थाना क्षेत्र के बासनी तंबोलिया निवासी जगदीशप्रसाद भील ने बताया कि उनका पुत्र अक्षय कुमार 21 जुलाई की सुबह बिना बताए घर से निकल गया और अब तक वापस नहीं लौटा।
यह खबर भी पढ़ें -सांप काटने और छिड़काव करने वाले गलत पेय सेवन से दो महिलाओं की मौत, पुलिस ने दर्ज किए मामले https://jodhpurtodaynews.com/ri4f
तीन युवतियों की गुमशुदगी दर्ज
मंडोर थाना क्षेत्र में नागौरी बेरा, मंडोर रोड निवासी एक महिला ने अपनी पुत्री के 21 जुलाई से लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका।
सूरसागर थाना क्षेत्र के भुरटिया निवासी एक व्यक्ति ने भी 23 जुलाई को अपनी पुत्री के बिना बताए घर से चले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई।
वहीं, झंवर थाना क्षेत्र के पुरोहिता का बास, पीपरीयाली धवा निवासी एक व्यक्ति ने भी अपनी पुत्री के लापता होने की सूचना पुलिस को दी है।
नाबालिग के लापता होने पर अपहरण का मामला दर्ज
बासनी थाना क्षेत्र के इंद्रा नगर निवासी एक व्यक्ति ने रिपोर्ट में बताया कि उनकी नाबालिग पुत्री 18 जुलाई को बिना बताए घर से चली गई। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह खबर भी पढ़ें -गलत खाते में NEFT राशि जाने पर बैंक भी जिम्मेदार, राज्य उपभोक्ता आयोग ने HDFC और यूनियन बैंक को ठहराया उत्तरदायी https://jodhpurtodaynews.com/hvqj
पुलिस कर रही तलाश
सभी मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने गुमशुदगी अथवा अपहरण का मामला दर्ज कर लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों से मिली जानकारी और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
