jodhpur

जोधपुर। विश्व संगीत दिवस की पूर्व संध्या पर 20 जून को जोधपुर की सुप्रसिद्ध एवं चर्चित संस्था संस्कारी इवेंट्स द्वारा रोटरी क्लब में हिंदी फिल्मी गीतों के कराओके ट्रैक पर आधारित एक भव्य संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में निपुण गायकों के साथ-साथ गाने के शौकीन बच्चों, बड़ों तथा सभी आयु वर्ग की महिलाओं और पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए महान गायकों के लोकप्रिय गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे उपस्थित श्रोताओं का मन प्रफुल्लित हो उठा।

संस्था के संस्थापक अभिषेक शर्मा एवं वंदना शर्मा ने बताया कि संस्कारी इवेंट्स समय-समय पर धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं अन्य रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन करती रहती है। उन्होंने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य धार्मिक संस्कारों के साथ-साथ जनमानस में संगीत के प्रति गहरा रुझान विकसित करना है।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि रोटरी क्लब की अध्यक्ष श्रीमती मधु समदानी एवं संगीत शिक्षक श्री कमलेश पुरोहित ‘निराला’ रहे। इस अवसर पर निराला जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि “संगीत ईश्वर की देन है और शब्द स्वयं ईश्वर का स्वरूप हैं।” उन्होंने संगीत को आध्यात्मिकता, मानसिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त करने का सशक्त माध्यम बताया।
रिपोर्ट — चन्द्रशेखर व्यास।

जोधपुर। राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन (आरएनए) की ओर से रविवार को मथुरादास माथुर चिकित्सालय (एमडीएम) में विभिन्न नर्सिंग एवं स्वास्थ्यकर्मी हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर गेट मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में नर्सिंग अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों ने भाग लिया तथा संगठन की मांगों के समर्थन में एकजुटता दिखाई।
दीपक खोरवाल के परिवार को न्याय दिलाने की मांग
मीटिंग में स्वर्गीय दीपक खोरवाल के परिवार को न्याय दिलाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि परिवार को उचित न्याय और सहायता मिलनी चाहिए तथा सरकार को इस मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
प्रदेश में टेंडर प्रथा समाप्त करने की मांग
नर्सेज एसोसिएशन ने स्वास्थ्य विभाग में चल रही निविदा (टेंडर) व्यवस्था पर पूर्ण रोक लगाने की मांग की। संगठन का कहना है कि टेंडर आधारित व्यवस्था से कर्मचारियों के हित प्रभावित हो रहे हैं और स्थायी रोजगार की संभावनाएं कम हो रही हैं।
मेरिट और बोनस के आधार पर हो नर्सिंग भर्ती
बैठक में आगामी नर्सिंग भर्ती प्रक्रिया को मेरिट एवं बोनस अंकों के आधार पर आयोजित करने की मांग भी रखी गई। संगठन का कहना है कि इससे योग्य और अनुभवी अभ्यर्थियों को उचित अवसर मिल सकेगा।
संविदा और एनएचएम कर्मियों के समायोजन की मांग
मीटिंग में सेवा से हटाए गए संविदा कर्मियों, 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों, एनएचएम और अन्य निविदा आधारित कर्मचारियों का विभिन्न सरकारी योजनाओं में समायोजन करने की मांग की गई। संगठन ने कहा कि वर्षों से सेवा दे रहे कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित किया जाना चाहिए।
लंबित ट्रांसफर प्रक्रिया शुरू करने पर जोर
नर्सिंग अधिकारियों ने लंबे समय से लंबित स्थानांतरण प्रक्रिया को जल्द शुरू करने की मांग भी उठाई। कर्मचारियों का कहना है कि ट्रांसफर नहीं होने से कई कार्मिकों को पारिवारिक और प्रशासनिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
मांगें नहीं मानी तो आंदोलन की चेतावनी
बैठक में उपस्थित कर्मचारियों ने सरकार से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन व्यापक आंदोलन की रणनीति अपनाने को मजबूर होगा।
संगठित रहने का आह्वान
राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन ने सभी नर्सिंग एवं स्वास्थ्यकर्मी साथियों से संगठित रहकर अपने अधिकारों की लड़ाई को मजबूती देने का आह्वान किया।
— रिपोर्ट: जोधपुर टुडे न्यूज

GTM-WL5JC38G