
जोधपुर। मनोज गिरी गोस्वामी।
जोधपुर की सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर अनीता विश्नोई के कथित आत्महत्या प्रयास मामले में दर्ज प्रकरण में नामजद लोगों में शामिल मालाराम विश्नोई को केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है।
सीबीएन नीमच की टीम ने आगरा-जयपुर हाईवे पर कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार से 115.160 किलोग्राम अफीम बरामद की। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सीबीएन को गुवाहाटी से जोधपुर की ओर अवैध मादक पदार्थ ले जाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने करीब 2000 किलोमीटर तक संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी। 20 जून की सुबह सिकंदरा टोल प्लाजा के पास झारखंड नंबर की हुंडई क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 109 पैकेटों में पैक 115.160 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। जांच में सामने आया कि मादक पदार्थ को तीन बोरों में छिपाकर रखा गया था तथा गंध छिपाने के लिए वाहन में बड़ी मात्रा में इत्र और परफ्यूम का उपयोग किया गया था।
सीबीएन ने अफीम और वाहन को जब्त कर फलोदी निवासी मालाराम विश्नोई को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया। आरोपी को दौसा स्थित एनआई कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर भेजा गया है।
सूत्रों के अनुसार, रिमांड प्रक्रिया पूरी होने के बाद जोधपुर पुलिस भी अनीता विश्नोई मामले में आरोपी से पूछताछ के लिए प्रोटेक्शन वारंट लेने की तैयारी कर सकती है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और संबंधित एजेंसियां विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।
विडियों देखने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें।
https://www.facebook.com/share/r/1BBvC9TGi1
