
जोधपुर। चन्द्रशेखर व्यास।
राजस्थान में सिजेरियन डिलीवरी के बाद प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। कोटा और बीकानेर के बाद अब जोधपुर के पावटा जिला अस्पताल में भी ऐसा मामला सामने आया है। यहां शनिवार को सिजेरियन ऑपरेशन से प्रसव कराने वाली 8 महिलाओं की तबीयत बाद में बिगड़ गई, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, सभी प्रसूताओं की डिलीवरी शनिवार को पावटा जिला अस्पताल में हुई थी। इसके बाद महिलाओं में स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएं सामने आईं। मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर को एहतियातन बंद कर दिया गया है और संक्रमण की आशंका को लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. बी.एस. जोधा ने बताया कि प्रभावित महिलाओं में से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं अन्य छह प्रसूताओं का उपचार पावटा अस्पताल में जारी है।
डॉ. जोधा के अनुसार, एक महिला को अत्यधिक रक्तस्राव (ब्लीडिंग) की समस्या हुई थी, जबकि दूसरी महिला पहले से मधुमेह (डायबिटीज) से पीड़ित थी और उसका ब्लड प्रेशर भी काफी कम हो गया था। सभी मरीजों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अस्पताल में संक्रमण के संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है तथा ऑपरेशन थिएटर से नमूने लेकर परीक्षण करवाए जा रहे हैं। मामले की रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
